IPL 2026 मिनी नीलामी पूरी: कैमरन ग्रीन सबसे महंगे, अनकैप्ड कार्तिक–प्रशांत ने रचा इतिहास

आईपीएल 2026 सीजन के लिए खिलाड़ियों की मिनी नीलामी पूरी हो गई है। इस नीलामी में कुल 77 स्लॉट के लिए सभी 10 फ्रेंचाइजी ने बोली लगाई और खास बात यह रही कि सभी 77 स्थान भर लिए गए। इन 77 खिलाड़ियों में 29 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं।
सभी टीमों ने मिलकर कुल 215.45 करोड़ रुपये खर्च किए, जिसके साथ ही आगामी सीजन के लिए सभी स्क्वॉड पूरी तरह तैयार हो गई हैं।मिनी नीलामी के सबसे महंगे खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन रहे। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने उन्हें 25.20 करोड़ रुपये में खरीदा। केकेआर ने तेज गेंदबाज मथिशा पथीराना को भी 18 करोड़ रुपये की बड़ी बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल किया।नीलामी में सबसे ज्यादा चर्चा अनकैप्ड खिलाड़ियों कार्तिक शर्मा और प्रशांत वीर की रही। दोनों आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी बने। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने इन दोनों को 14.20 करोड़ रुपये में खरीदा, जबकि इनका आधार मूल्य मात्र 30 लाख रुपये था।
भरतपुर से ताल्लुक रखने वाले 19 वर्षीय कार्तिक और प्रशांत ने इस नीलामी में नया इतिहास रच दिया।जहां एक ओर टीमों ने बड़े नामों पर जमकर पैसा लुटाया, वहीं कई दिग्गज खिलाड़ियों को निराशा हाथ लगी। डेवोन कॉनवे, जैक फ्रेजर मैकगर्क, गेराल्ड कोएट्जे, स्टीव स्मिथ और महीश तीक्ष्णा जैसे खिलाड़ी इस बार अनसोल्ड रहे। कुल मिलाकर 292 खिलाड़ी नीलामी में बिना बिके लौटे।नीलामी में कुछ अहम सौदों की बात करें तो पृथ्वी शॉ को दिल्ली कैपिटल्स ने 75 लाख रुपये में खरीदा, वहीं टॉम बेंटन गुजरात टाइटंस के साथ 2 करोड़ रुपये में जुड़े।
सनराइजर्स हैदराबाद ने जैक एडवर्ड्स को 50 लाख के आधार मूल्य से बढ़ाकर 3 करोड़ रुपये में खरीदा, जबकि लियाम लिविंगस्टोन को एसआरएच ने 13 करोड़ रुपये की बड़ी रकम देकर टीम में शामिल किया। लखनऊ सुपर जायंट्स ने जोश इंग्लिस को 8.60 करोड़ रुपये में खरीदा।मिनी नीलामी के बाद सभी फ्रेंचाइजी अपने-अपने संतुलित स्क्वॉड के साथ आईपीएल 2026 की तैयारियों में जुट गई हैं और अब फैंस को आगामी सीजन के रोमांच का इंतजार है।

