बाबा लाट भैरव के नाम पर होगा कज्जाकपुरा आरओबी का नाम

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में बुधवार को नगर निगम के सभागार में मा0 कार्यकारिणी की बैठक की गयी। बैठक में पिछले कार्यकारिणी के प्रस्तावों पर पुष्टि की कार्यवाही की गयी। पुष्टि के अन्तर्गत कार्यकारिणी के मा0 सदस्य अमरदेव यादव के द्वारा पिछली कार्यकारिणी में लिए गए निर्णय की प्रगति की जानकारी चाही गयी। कृत कार्यवाही का पूर्ण विवरण से अवगत न कराने पर मा0 महापौर द्वारा नाराजगी व्यक्त करते हुये निर्देशित किया गया कि आगामी तीन दिनों में की गयी कार्यवाही से सदस्यों को अवगत कराया जाय। मा0 सदस्य हनुमान प्रसाद द्वारा पार्षद कोटा के अन्तर्गत वित्तीय वर्ष 2023-24, 24-25 एवं 25-26 में स्ट्रीट लाईट और सीवरेज के कार्यों के संबंध में जानकारी चाही गयी।
महाप्रबन्धक जलकल एवं अपर नगर आयुक्त विनोद कुमार गुप्ता के द्वारा बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2023-24 के सभी कार्य पूर्ण कर लिये गये हैं, वित्तीय वर्ष 2024-25 का कार्य प्रगति पर है। मा0 महापौर के द्वारा निर्देशित किया गया कि 31 मार्च तक 2024- 25 के स्वीकृत कार्य को पूर्ण कराए। मा0 महापौर के द्वारा निर्देशित किया गया कि किसी कार्य की दो बार निविदा प्रकाशित होने के बाद भी यदि कोई ठेकेदार निविदा में भाग नही लेता है तो उस कार्य को विभागीय रूप से मानक के अुनरूप कराया जाय, अनावश्यक कार्य में विलम्ब न किया जाय। महपौर के द्वारा शहरी सीमा में संचालित मीट मुर्गा की खुले में दुकान चलाने वालों पर कार्यवाही के निर्देश दिये गये, निर्देशित किया गया कि यदि कोई दुकान बिना पर्दा के संचालित किया जाता है तो तत्काल कड़ी कार्यवाही की जाय। पूर्व में लिये गये निर्णय के आधार पर सामान्य अभियन्त्रण विभाग के द्वारा वार्ड स्तर पर लेबर मिस्त्री, निर्माण सामग्री रखने के सम्बन्ध में जानकारी चाही गयी। मुख्य अभियन्ता के द्वारा बताया गया कि कुछ वार्डो में व्यवस्था लागू हो गयी है, शेष सभी वार्डो में शीघ्र ही कार्य पूर्ण कर लिया जायेगा। मा0 महापौर के द्वारा स्मार्ट काशी एप पर प्राप्त शिकायतों के सम्बन्ध में जानकारी चाही गयी, जिसमें वर्तमान समय सभी विभागों में लगभग 2 हजार से अधिक शिकायत लम्बित होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुये 3 दिसम्बर तक शत प्रतिशत निस्तारण के निर्देश दिये गये। उक्त के साथ ही सभी पूर्व प्रस्तावों की पुष्टि की गयी।
बैठक में कज्जाकपुरा आरओबी का नाम बदलकर बाबा लॉट भैरव फ्लाईओवर करने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। मा0 महापौर के द्वारा स्वीकृति प्रदान करते हुये अग्रिम कार्यवाही हेतु मा0 सदन की बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गये।
साथ ही पदम् अवॉर्डी के नाम से उनके गलियों सड़कों का सौंदर्यीकरण के साथ ही उनके नाम से नामकरण करने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया, जिस पर मुख्य अभियन्ता को निर्देशित किया गया कि इस सम्बन्ध में आवश्यक कार्यवाही करें तथा यदि उनके घर के लोगों के द्वारा अपने भवन में एक रूम दिया जाता है तो नगर निगम द्वारा उसे संरक्षित कर सौन्दर्यीकरण का कार्य करायेगा।

