कर्नाटक: भाजपा नेता ने महिला को जबरन पिलाई शराब फिर किया बलात्कार, मामला दर्ज

बेंगलुरु, जनमुख न्यूज। बंगलुरू में पुलिस ने मंगलवार को एक महिला द्वारा शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद भाजपा नेता के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी सोमशेखर जे उर्फ जिम सोमा, जो भाजपा नेता है, ने कथित तौर पर पीड़िता को उसकी शादी के लिए लोन दिलाने का वादा करके अपने कमरे में बुलाया और बलात्कार किया। अशोकनगर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पीड़िता ने घटना के तीन महीने बाद शिकायत दर्ज कराई। २६ वर्षीय पीड़िता ने अपनी शिकायत में कहा कि वह एक दोस्त के जरिए आरोपी से मिली थी। पीड़िता की शादी पिछले साल तय हुई थी और उसने आरोपी सोमशेखर से आर्थिक मदद मांगी थी। आरोपी ने उसे ६ लाख रुपये नकद देने पर सहमति जताई थी। पीड़िता ने आरोप लगाया कि सोमशेखर ने पीड़िता को उसके पीजी हॉस्टल से उठाया और बेंगलुरु के लैंगफोर्ड रोड स्थित अपने फ्लैट में ले गया। उसने कथित तौर पर उसे शराब पीने के लिए मजबूर किया और फिर उसके साथ बलात्कार किया।
पीड़िता ने कहा है कि आरोपी ने बाद में उसे धमकी दी थी कि अगर उसने किसी से इस घटना के बारे में बात की, तो वह उसे खत्म कर देगा और उसकी छवि भी खराब कर देगा। पुलिस ने कहा कि सोमशेखर ने भाजपा के टिकट पर २०१८ का विधानसभा चुनाव लड़ा था। पुलिस मामले की सच्चाई जानने के लिए भाजपा नेता की तलाश कर रही है। इससे पहले हाल में ही भाजपा के विधायक एन. मुनिरत्न नायडू को कथित बलात्कार और हनी ट्रैप मामले में हाल ही में जेल भेजा गया था।

