काशी में केशव मौर्य का बयान: “शंकराचार्य का स्थान सर्वोपरि”, गोहत्या आरोपों पर सरकार का बचाव

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने काशी में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए कहा कि शंकराचार्य का स्थान सर्वोपरि है। उन्होंने कहा, “वे भगवान शंकराचार्य हैं। वे कहीं भी जाएंगे, हम उनका स्वागत करेंगे। एक रामभक्त होने के नाते मैं स्वयं उनका अभिनंदन करने को तैयार हूं।”
डिप्टी सीएम ने यूपी सरकार पर लगाए गए गोहत्या के आरोपों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून का राज है और सरकार गौ माता के प्रति पूर्ण आस्था रखती है। “किसी भी अपराधी या हत्यारे की इतनी हैसियत नहीं कि वह गौ माता को नुकसान पहुंचा सके,” उन्होंने स्पष्ट किया।
साथ ही, सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए केशव मौर्य ने उन्हें “ढोंगी” करार दिया।
गौरतलब है कि माघ मेला, प्रयागराज में बटुकों की चोटी खींचे जाने की घटना के बाद विवाद बढ़ा था। इसके बाद से शंकराचार्य और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बीच तीखी बयानबाजी देखने को मिली। हालांकि, इस पूरे प्रकरण में केशव मौर्य लगातार शंकराचार्य के समर्थन में बयान देते रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले शंकराचार्य ने सरकार में केशव मौर्य को “बिना पावर वाला” बताते हुए टिप्पणी की थी, जिस पर सियासी हलकों में चर्चा तेज हो गई थी।

