विदेश नीति पर खरगे का मोदी पर वार: 11 साल में 151 यात्राएं, लेकिन भारत फिर भी अकेला

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सवाल उठाया कि प्रधानमंत्री की 11 वर्षों की 151 अंतरराष्ट्रीय यात्राओं और 72 देशों के दौरों के बावजूद भारत को क्या हासिल हुआ?
एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट साझा करते हुए खरगे ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिका की भी 10 बार यात्रा की, लेकिन जब भारत को वैश्विक मंच पर पाकिस्तान के खिलाफ समर्थन की ज़रूरत थी, तब कोई देश साथ नहीं आया। उन्होंने पूछा, “क्या प्रधानमंत्री का काम सिर्फ विदेश जाकर फोटो खिंचवाना रह गया है?”
खरगे ने अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) द्वारा पाकिस्तान को दिए गए 1.4 अरब डॉलर के कर्ज पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि जब भारत की सेना आतंकवाद के खिलाफ अभियान चला रही थी, तब न केवल युद्धविराम की घोषणा कर दी गई, बल्कि दुनिया ने भारत के पक्ष में आवाज भी नहीं उठाई।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस दावे पर भी खरगे ने नाराजगी जताई जिसमें ट्रंप ने कहा था कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच युद्धविराम कराया। खरगे ने इसे भारत का अपमान बताते हुए कहा कि मोदी सरकार ने इस मुद्दे पर देश को स्पष्ट जानकारी नहीं दी और चुप्पी साधे रखी।
कांग्रेस अध्यक्ष का कहना है कि मोदी सरकार की विदेश नीति के चलते भारत आज वैश्विक मंच पर अलग-थलग पड़ गया है।

