पाकिस्तान में अब पतंग उड़ाने पर लगा प्रतिबंध, बताया गया खतरनाक गतिविधि

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में पतंग उड़ाने को लेकर एक नया फतवा जारी किया गया है, जिसमें इसे एक खतरनाक गतिविधि करार दिया गया है। लाहौर के दारुल इफ्ता जामिया नइमिया ने पुलिस विभाग से मशविरे के बाद यह फतवा जारी किया। इस फतवे में कहा गया है कि पतंग उड़ाना इंसानी जिंदगी को खतरे में डालता है, क्योंकि पतंगों के मांझे से कई लोग घायल हो जाते हैं और कई बार मौतें भी होती हैं। इसी कारण इसे इस्लाम के खिलाफ माना गया है।
पतंग उड़ाने पर १५० लोग हुए अरेस्ट
नए कानून के अनुसार, पतंग उड़ाने, एक पहिए पर बाइक चलाने और हवाई फायरिंग में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इन अपराधों के दोषी पाए जाने पर उन्हें ७ साल तक की सजा और ५० लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। लाहौर पुलिस ने इन गतिविधियों पर कड़ी नजर रखनी शुरू कर दी है। अब तक सैकड़ों लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जिनमें एक पहिए पर बाइक चलाने वाले १५१ लोग, पतंग उड़ाने के १५० मामले और हवाई फायरिंग के ११८ आरोपी शामिल हैं। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि अब से इन गतिविधियों में शामिल होने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस फैसले का उद्देश्य पाकिस्तान में सार्वजनिक सुरक्षा बढ़ाना और लोगों की जान-माल की सुरक्षा करना है। इस्लाम में जीवन की सुरक्षा को सर्वोपरि माना गया है, और ऐसे किसी भी काम पर पाबंदी लगाई जाती है, जो इंसानी जीवन को खतरे में डाल सके। पुलिस और प्रशासन अब इस पर गंभीरता से काम कर रहे हैं और लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।

