वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भूस्खलन: 6 की मौत, 14 श्रद्धालु घायल, यात्रा अस्थायी रूप से स्थगित

जम्मू-कश्मीर, जनमुख न्यूज़। कटड़ा में मंगलवार को भारी बारिश के चलते माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर बड़ा हादसा हो गया। अर्धकुंवारी स्थित इंद्रप्रस्थ भोजनालय के पास भूस्खलन से छह लोगों की मौत हो गई और 14 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। आशंका है कि कुछ लोग मलबे में दबे हो सकते हैं।
भूस्खलन दोपहर करीब 3 बजे हुआ, जिसके बाद रियासी पुलिस, प्रशासन और एनडीआरएफ की टीमों ने राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने भी सोशल मीडिया पर घटना की जानकारी साझा करते हुए कहा कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि हादसे के बाद माता वैष्णो देवी की यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। हिमकोटी ट्रेक मार्ग सुबह से ही बंद था, लेकिन पुराने मार्ग पर दोपहर तक यात्रा जारी थी। भारी बारिश और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए अधिकारियों ने 1.30 बजे के बाद यात्रा को पूरी तरह स्थगित करने का निर्णय लिया।
त्रिकुटा पहाड़ियों पर मंदिर तक जाने वाला 12 किलोमीटर का घुमावदार रास्ता इस आपदा से प्रभावित हुआ है। फिलहाल राहत-बचाव अभियान जारी है और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

