एलपीजी सप्लाई पूरी तरह सामान्य: मिडिल ईस्ट तनाव के बीच सरकार ने कहा- घबराने की जरूरत नहीं

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि देश में घरेलू एलपीजी (रसोई गैस) की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है और घबराहट में की जा रही बुकिंग अब कम हो रही है। सरकार के अनुसार मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य के बंद होने के बावजूद भारत में गैस, पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है।
पेट्रोलियम मंत्रालय ने बताया कि अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को प्राथमिकता देते हुए लगभग 50 प्रतिशत कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति इन सेक्टरों को की जा रही है। वहीं रेस्टोरेंट, होटल, ढाबा, डेयरी और फूड प्रोसेसिंग जैसे आवश्यक क्षेत्रों के लिए 20 प्रतिशत अतिरिक्त गैस आवंटित की गई है, ताकि जरूरी सेवाएं प्रभावित न हों।
मंत्रालय के मुताबिक देश की सभी रिफाइनरियां पूरी क्षमता से काम कर रही हैं और कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। पेट्रोल और डीजल की सप्लाई भी सुचारू रूप से जारी है और किसी भी पेट्रोल पंप पर ईंधन की कमी की सूचना नहीं है।सरकार ने राज्यों को पाइप गैस (PNG) कनेक्शन तेजी से बढ़ाने के निर्देश दिए हैं, ताकि एलपीजी पर निर्भरता कम हो सके। साथ ही गैस की कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए देशभर में छापेमारी की जा रही है।
प्राकृतिक गैस के मोर्चे पर भी स्थिति सामान्य बनी हुई है। घरेलू उपयोग और वाहनों के लिए सीएनजी की आपूर्ति 100 प्रतिशत जारी है, जबकि उद्योगों को उनकी जरूरत का लगभग 80 प्रतिशत गैस मिल रही है।सरकार ने आम जनता से अपील की है कि वे अनावश्यक घबराहट में ज्यादा खरीदारी न करें, क्योंकि देश में ईंधन और गैस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित है।

