ज्ञानवापी में साल में एक दिन खुला मां श्रृंगार गौरी मंदिर, दर्शन को उमड़ी भारी भीड़

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। ज्ञानवापी परिसर में स्थित मां श्रृंगार गौरी मंदिर के दर्शन के लिए रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। चैत्र नवरात्रि के चौथे दिन साल में एक बार खुलने वाले इस मंदिर में दर्शन के लिए करीब 2 किलोमीटर लंबी कतार देखने को मिली। अब यह मंदिर अगले वर्ष ही दोबारा खोला जाएगा।
सुबह से ही श्रद्धालु बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचने लगे। शाम 7 बजे तक कुल 30,556 श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए। पूजा के दौरान मंदिर के प्राचीन पत्थरों पर सिंदूर और चंदन अर्पित किया गया तथा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालु ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे लगाते रहे।
भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में रखा गया और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।इस दौरान ज्ञानवापी मामले की वादी चार महिलाएं भी पूजा-अर्चना के लिए पहुंचीं और ‘ज्ञानवापी मुक्त करो’ के नारे लगाए। इन महिलाओं ने परिसर में मंदिर होने का दावा करते हुए कोर्ट में याचिका दायर कर रखी है।
गौरतलब है कि 1992 तक यहां नियमित दर्शन-पूजन होता था, लेकिन अयोध्या की घटना के बाद सुरक्षा कारणों से इसे बंद कर दिया गया। तब से यह मंदिर साल में सिर्फ एक दिन, चैत्र नवरात्रि की चतुर्थी तिथि पर ही श्रद्धालुओं के लिए खोला जाता है।वर्तमान में इस मामले को लेकर वाराणसी की अदालत में सुनवाई जारी है, जिसमें परिसर के धार्मिक स्वरूप को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बना हुआ है।

