मदरसा बोर्ड की परीक्षा १७ फरवरी से, ४३४ केन्द्रों पर होगी परीक्षाएं

लखनऊ, जनमुख न्यूज। मदरसा शिक्षा परिषद की मुंशी/मौलवी (सेकेंडरी) और आलिम (सीनियर सेकेंडरी) की परीक्षाएं ४३४ केंद्रों पर होंगी। मदरसा बोर्ड ने ७१ जिलों में ४३४ परीक्षा केंद्र तय कर दिए हैं। परीक्षाएं सुबह ८ से ११ बजे और दोपहर में २ से ५ बजे तक दो पालियों में १७ से २२ फरवरी तक होंगी। इनमें प्रदेश भर के ८८,८३९ विद्यार्थी शामिल होंगे। इसमें लखनऊ के १९३५ विद्यार्थी हैं।
मदरसा बोर्ड के रजिस्ट्रार आरपी सिंह ने बताया कि फर्नीचर की व्यवस्था वाले मदरसों और इंटर कॉलेजों को ही परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इन केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य है। लखनऊ के जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सोन कुमार ने बताया कि राजधानी में छह परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षाओं को नकलविहीन बनाने के लिए तैयारी की जा रही है।

