महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव: 29 में 23 निगमों में महायुति आगे, बीएमसी में भाजपा-शिवसेना की मजबूत बढ़त

मुंबई, जनमुख न्यूज़। मुंबई सहित महाराष्ट्र की 29 महानगरपालिकाओं के लिए हुए चुनावों के नतीजे सामने आने लगे हैं। गुरुवार को मतदान के बाद शुक्रवार सुबह 10 बजे से मतगणना शुरू हुई, जिसके साथ ही रुझान और परिणाम स्पष्ट होने लगे। शुरुआती रुझानों में भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन को अधिकांश नगर निगमों में बढ़त मिलती दिख रही है।
राज्य की 29 नगर निगमों में से 23 में भाजपा गठबंधन आगे चल रहा है। मुंबई, पुणे, नागपुर और नासिक जैसे प्रमुख शहरों में महायुति को बड़ी बढ़त हासिल है। देश की सबसे समृद्ध नगर निकाय बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) में भाजपा और शिवसेना (शिंदे गुट) का गठबंधन स्पष्ट बहुमत की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। बीएमसी में 227 वार्डों में बहुमत का आंकड़ा 114 है, जिसे महायुति ने रुझानों में पार कर लिया है।
कोल्हापुर में शुरुआत में कांग्रेस को बढ़त मिली थी, लेकिन बाद में भाजपा बड़े अंतर से आगे निकल गई। छत्रपति संभाजीनगर में भी भाजपा मजबूत स्थिति में है। वहीं लातूर और चंद्रपुर में कांग्रेस को बढ़त मिली हुई है। नगर निगम चुनाव के लिए 15 जनवरी को मतदान हुआ था, जिसमें 893 वार्डों के लिए कुल 15,931 उम्मीदवार मैदान में थे।
रुझानों के अनुसार भाजपा को 89 सीटों और शिवसेना को 29 सीटों पर बढ़त मिली है, जिससे महायुति का कुल आंकड़ा 118 तक पहुंच गया है। नगर आयुक्त की ओर से मतगणना की विस्तृत योजना को पहले ही मंजूरी दी जा चुकी थी।
प्रमुख शहरों का हाल:
छत्रपति संभाजीनगर: 115 सीटों में भाजपा 41 पर आगे, शिवसेना (यूबीटी) 10, कांग्रेस 3, एनसीपी 2 और अन्य 14 सीटों पर आगे।
नासिक: मुकाबला कड़ा—भाजपा+ 12, शिवसेना (यूबीटी) 9, एनसीपी 11 और अन्य 4 सीटों पर बढ़त।
नागपुर: भाजपा गठबंधन 106 सीटों पर आगे, कांग्रेस+ 29, शिवसेना (यूबीटी)+ 1, एनसीपी 2 और अन्य 5 सीटों पर।
ठाणे: भाजपा गठबंधन 29 सीटों पर आगे, शिवसेना (यूबीटी) 5, एनसीपी 4 और अन्य 6 सीटों पर।
पुणे: भाजपा गठबंधन 92 सीटों पर आगे, कांग्रेस 4 और एनसीपी 8 सीटों पर।
अन्य नगर निगमों में रुझान:
मुंबई, पुणे, नवी मुंबई, मीरा-भायंदर, उल्हासनगर, वसई-विरार, पनवेल, नागपुर, पिंपरी-चिंचवड़, नासिक, छत्रपति संभाजीनगर, सांगली-मिरज-कुपवाड़, सोलापुर, धुले, इचलकरंजी, नांदेड़, जालना और अकोला में भाजपा आगे है।
कल्याण-डोंबिवली, ठाणे और मालेगांव में शिंदे गुट की शिवसेना आगे है।
भिवंडी, कोल्हापुर, लातूर और चंद्रपुर में कांग्रेस को बढ़त मिली है।
अहिल्यानगर में एनसीपी (अजित पवार गुट) आगे चल रही है, जबकि अमरावती में भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला है। परभणी में मतगणना जारी है।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, इन नतीजों को महाराष्ट्र में भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति के लिए बड़ा राजनीतिक संदेश माना जा रहा है। खासकर बीएमसी में स्पष्ट बढ़त को मुंबई की सत्ता में लंबे समय बाद स्थिर सरकार की वापसी के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इसे जनता का आशीर्वाद और विकास की राजनीति की जीत बताया है।
भाजपा ने इस प्रदर्शन का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन और संगठन की मजबूती को दिया है। पार्टी का कहना है कि यह जनादेश विकास, सुशासन और भरोसे की राजनीति की पुष्टि करता है।

