कानपुर घटना के विरोध में वाराणसी में महिला कांग्रेस का प्रदर्शन, दोषियों को फांसी की मांग

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। कानपुर में काशी की एक नाबालिग लड़की के साथ हुई जघन्य घटना के विरोध में वाराणसी में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला एवं महानगर महिला कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से एसडीएम को सौंपा।
प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष महिला कांग्रेस अनुराधा यादव और महानगर अध्यक्ष पूनम विश्वकर्मा ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहीं और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
नेताओं ने संयुक्त बयान में कहा कि काशी की नाबालिग लड़की अपने रिश्तेदार के यहां कानपुर गई थी, जहां कथित रूप से सत्ता पक्ष से जुड़े लोगों और एक स्थानीय विधायक के करीबियों द्वारा उसके साथ दरिंदगी की गई।उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन मामले को दबाने और आरोपियों को बचाने की कोशिश कर रहा है, जो बेहद गंभीर और चिंताजनक है।
महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ‘जीरो टॉलरेंस’ की बात तो करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर अपराधियों में कानून का कोई डर नहीं है।
ज्ञापन में रखी गईं प्रमुख मांगें:
-सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई
-दोषियों को फांसी की सजा
-पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता
-परिवार को 24 घंटे सुरक्षा
-पीड़िता को सरकारी नौकरी
-महिलाओं की सुरक्षा के लिए ठोस और प्रभावी नीति लागू करने की मांग
महिला कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि मामले में जल्द और सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस पार्टी बड़े स्तर पर जनआंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी पीड़िता के साथ मजबूती से खड़ी है और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।प्रदर्शन में राघवेंद्र चौबे, फसाहत हुसैन बाबू, अनुराधा यादव, पूनम विश्वकर्मा समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

