मुंबई एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला: रनवे पर एयर इंडिया और इंडिगो विमानों के पंख टकराए, सभी यात्री सुरक्षित

मुंबई, जनमुख न्यूज़। छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मंगलवार को एक बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया। यात्रियों से भरे दो विमानों के बीच जमीन पर टक्कर हो गई, हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री या क्रू मेंबर को कोई चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित हैं।
सूत्रों के मुताबिक, एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2732 मुंबई से कोयंबटूर जाने के लिए टैक्सीवे पर खड़ी थी। इसी दौरान इंडिगो की फ्लाइट 6E-791 हैदराबाद से मुंबई पहुंचने के बाद टैक्सी कर रही थी। आगे बढ़ते इंडिगो विमान का पंख खड़े एयर इंडिया विमान के पंख से टकरा गया। यह टक्कर रनवे-टैक्सीवे क्षेत्र में हुई, उड़ान के दौरान नहीं।
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि यह घटना 3 फरवरी को टेकऑफ से पहले इंतजार के समय हुई। दोनों विमानों के विंगटिप्स आपस में टकराए, जिससे एयर इंडिया के विमान के पंख के बाहरी हिस्से को नुकसान पहुंचा। हालांकि टक्कर हल्की थी, लेकिन सुरक्षा मानकों के तहत इसे गंभीरता से लिया गया।
घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा टीमें सक्रिय हो गईं। प्रभावित विमानों को तत्काल ग्राउंडेड कर दिया गया और यात्रियों को सुरक्षित तरीके से विमान से उतार लिया गया। एयर इंडिया ने यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक उड़ानों की व्यवस्था शुरू की।
एयरलाइन अधिकारियों के अनुसार, दोनों विमानों को तकनीकी जांच के लिए सेवा से बाहर रखा गया है और मामले की जानकारी नागरिक उड्डयन नियामक को दे दी गई है। तकनीकी टीम द्वारा विस्तृत जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में किसी भी तरह की जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है। कुछ समय तक एयरपोर्ट संचालन प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।

