मिर्जापुर–रायबरेली मार्ग पर 12 टायर ट्रक में भीषण आग, 10 टन चावल जलकर राख

भदोही, जनमुख न्यूज़। मिर्जापुर से चावल लादकर रायबरेली जा रहा 12 टायर वाला ट्रक अचानक आग की चपेट में आ गया। इस हादसे में ट्रक में लदा करीब 10 टन चावल पूरी तरह जलकर खाक हो गया, जबकि चालक बाल-बाल बच गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक उमाशंकर पुत्र बुधीराम (ट्रक मालिक पप्पू तिवारी) मिर्जापुर से चावल लेकर रायबरेली के लिए निकला था। चालक ने बताया कि भदोही के नरऊर ढाबा पर खाना खाने के बाद वह आगे बढ़ा ही था कि जगरनाथपुर के पास ट्रक के केबिन के नीचे से अचानक धुआं निकलने लगा।
धुआं देखकर चालक ने तुरंत ट्रक रोक दिया और नीचे उतरकर कारण जानने की कोशिश की। इसी दौरान केबिन में अचानक आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी।
दमकल और पुलिस टीम के मौके पर पहुंचने तक ट्रक धू-धूकर जलता रहा। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक ट्रक और उसमें लदा सारा चावल जल चुका था। आग लगने की वजह से गोपीगंज–मिर्जापुर मार्ग पर काफी देर तक यातायात बाधित रहा। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

