आंध्र प्रदेश में भीषण सड़क हादसा: बस-टिपर टक्कर के बाद लगी आग, 14 की मौत

हैदराबाद, जनमुख न्यूज़। आन्ध्रप्रदेश के मार्कपुरम जिले में रायवरम के पास गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। स्लैब खदानों के नजदीक एक निजी ट्रैवल बस की टिपर लॉरी से जोरदार टक्कर हो गई, जिसके बाद बस में आग लग गई। इस भीषण हादसे में अब तक 14 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
मार्कपुरम के डीएसपी हर्षवर्धन राजू के अनुसार, बस जगित्याला से कालिगिरी जा रही थी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में तुरंत आग लग गई और वह पूरी तरह जलकर खाक हो गई। आशंका जताई जा रही है कि कई यात्री बस में ही जिंदा जल गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जबकि शवों की पहचान के प्रयास जारी हैं।
इस हादसे पर N. Chandrababu Naidu ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों से बात कर पूरे मामले की जानकारी ली और घायलों के बेहतर इलाज व हादसे की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।
पुलिस के मुताबिक, हरिकृष्णा ट्रैवल्स की बस तेलंगाना के निर्मल से नेल्लोर जा रही थी। शुरुआती जांच में तेज टक्कर को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है, हालांकि मामले की विस्तृत जांच जारी है।

