आदमखोर बाघ ने घास काट रही महिला पर हमला किया , मौत

लखनऊ, जनमुख न्यूज। रामनगर के रिंगोड़ा गांव की एक बुजुर्ग महिला को बाघ ने अपना निवाला बना लिया। महिला अन्य महिलाओं के साथ हाईवे किनारे घास काट रही थी। महिला की मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। रिंगोड़ा गांव की रहने वाली तुलसी देवी (६०) कड़ाकोटी गांव की अन्य महिलाओं के साथ बुधवार सुबह हाईवे किनारे घास काटने गई थी। रिंगोड़ा मजार के पास जब वह हाईवे किनारे घास काट रही थी। तभी घात लगाए बैठे एक बाघ ने उस पर हमला किया और उसे घसीटते हुए कोसी नदी की ओर ले गया। महिला को बाघ द्वारा ले जाने की सूचना अन्य महिलाओं ने ग्रामीणों को दी। जिसके बाद ग्रामीणों के साथ वन कर्मियों की टीम मौके पर पहुंची। हाईवे से कोसी नदी की ओर ५०० मीटर की दूरी पर महिला का शव वन कर्मियों ने बरामद किया।

