कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज के ICU में भीषण आग, 10 मरीजों की मौत; कई कर्मचारी झुलसे

भुवनेश्वर, जनमुख न्यूज़। कटक में सोमवार तड़के एक दर्दनाक हादसा सामने आया। यहां स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के ट्रॉमा केयर आईसीयू में भीषण आग लगने से अब तक 10 मरीजों की मौत हो गई। अधिकारियों के मुताबिक आग सुबह करीब 2:30 से 3:00 बजे के बीच लगी।
बताया जा रहा है कि आग ट्रॉमा केयर विभाग के आईसीयू में भड़की और कुछ ही देर में उसने विकराल रूप ले लिया। उस समय यहां कई गंभीर मरीजों का इलाज चल रहा था। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने के दौरान अस्पताल के 11 कर्मचारी भी झुलस गए। इस बीच कुल 23 मरीजों को तुरंत दूसरे वार्डों और विभागों में शिफ्ट किया गया। बचाव कार्य में अस्पताल कर्मचारियों के साथ पुलिस और मरीजों के परिजनों ने भी सहयोग किया।
हादसे की जानकारी मिलते ही मोहन चरण माझी और स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में आशंका जताई कि आग शॉर्ट-सर्किट के कारण लगी हो सकती है।
मुख्यमंत्री के अनुसार सात गंभीर मरीजों की मौत उन्हें दूसरे वार्ड में शिफ्ट करते समय हो गई, जबकि तीन अन्य मरीजों ने बाद में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि घायल मरीजों के उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
राज्य सरकार ने हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिवार को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। फिलहाल अस्पताल में हालात को सामान्य करने के प्रयास जारी हैं और घटना की गहन जांच की जा रही है।

