वाराणसी के होटल में भीषण आग: 5 यात्री झुलसे, देर रात मची अफरा-तफरी

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। नई सड़क इलाके में स्थित होटल एचएम इंटरनेशनल में बीती रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग उस समय लगी जब होटल में ठहरे कई यात्री गहरी नींद में थे। अचानक उठीं लपटों और धुएं से लोगों में अफरा-तफरी फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और चेतगंज से फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। पुलिस, फायर सर्विस और स्थानीय लोगों की मदद से होटल में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
इस हादसे में 5 लोग झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए मंडलीय चिकित्सालय और बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। घायलों में हरियाणा के रेवाड़ी निवासी प्रदीप कुमार, उनकी पत्नी मंजीत, उनके दो बच्चे—7 वर्षीय शिवाय और 4 वर्षीय शानवी—और मुंबई निवासी साहिल शामिल हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 1 बजे के बाद होटल की पहली मंजिल की बालकनी से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग फैल गई और अंदर फंसे लोग मदद के लिए चिल्लाने लगे। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया और नीचे के फ्लोर पर मौजूद लोगों को बाहर निकाला।कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची और आग बुझाने के साथ-साथ फंसे लोगों को बाहर निकालने का काम शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया।
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि फायर विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।

