मिचेल के नाबाद शतक से भारत को न्यूजीलैंड की मात, वनडे सीरीज 1-1 से बराबर

राजकोट, सस्पोर्ट्स न्यूज़। डेरिल मिचेल की नाबाद शतकीय पारी और विल यंग व ग्लेन फिलिप्स के अहम योगदान से न्यूजीलैंड ने दूसरे वनडे में भारत को सात विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ तीन मैचों की वनडे सीरीज 1-1 की बराबरी पर आ गई।
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने केएल राहुल की नाबाद शतकीय पारी की बदौलत 50 ओवर में सात विकेट पर 284 रन बनाए। राहुल ने 92 गेंदों में 11 चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 112 रन बनाए। शुभमन गिल ने 56 रनों की उपयोगी पारी खेली, जबकि अन्य भारतीय बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके। न्यूजीलैंड की ओर से क्रिस्टन क्लार्क ने तीन विकेट झटके, जबकि काइल जैमिसन, जकारी फोक्स, जेडन लोनोक्स और माइकल ब्रेसवेल को एक-एक सफलता मिली।
285 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत खराब रही और उसने जल्दी दो विकेट गंवा दिए। इसके बाद डेरिल मिचेल और विल यंग ने तीसरे विकेट के लिए 162 रनों की अहम साझेदारी कर मैच का रुख पलट दिया। यंग शतक से चूक गए और 98 गेंदों पर सात चौकों की मदद से 87 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद मिचेल ने ग्लेन फिलिप्स के साथ मिलकर पारी को संभाला और टीम को जीत दिलाई। मिचेल ने 117 गेंदों पर 11 चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 131 रन बनाए, जबकि फिलिप्स 25 गेंदों पर 32 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत की ओर से हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा और कुलदीप यादव को एक-एक विकेट मिला।
यह जीत न्यूजीलैंड के लिए ऐतिहासिक रही। भारत में यह 2017 के बाद न्यूजीलैंड की पहली वनडे जीत है, जबकि भारत के खिलाफ वनडे में उसे 2023 के बाद पहली सफलता मिली। इसके साथ ही यह भारत में न्यूजीलैंड का अब तक का सबसे बड़ा सफल रन चेज भी रहा। इससे पहले उनका सर्वश्रेष्ठ सफल लक्ष्य पीछा 2017 में मुंबई में 281 रन का था।
राजकोट में खेले गए इस मुकाबले में भी यह पांच मैचों में पहली बार हुआ, जब लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को जीत मिली। कुल मिलाकर भारत के खिलाफ वनडे क्रिकेट में यह न्यूजीलैंड का पांचवां सबसे बड़ा सफल रन चेज रहा, जिसमें 2020 में हैमिल्टन में किया गया 348 रन का पीछा शीर्ष पर है।

