UGC इक्विटी रेगुलेशन के समर्थन में मार्च: लखनऊ में पुलिस से भिड़ीं विधायक पल्लवी पटेल, हिरासत में भेजीं गईं

लखनऊ, जनमुख न्यूज़। आज अपना दल (कमेरावादी) की विधायक पल्लवी पटेल और पुलिस के बीच उस वक्त झड़प हो गई, जब वह UGC इक्विटी रेगुलेशन 2026 के समर्थन में पैदल मार्च निकाल रही थीं। यह मार्च आईटी चौराहे से विधानसभा तक प्रस्तावित था।
मार्च जैसे ही रिजर्व पुलिस लाइन के पास पहुंचा, पुलिस ने बैरिकेडिंग कर पल्लवी पटेल को आगे बढ़ने से रोक दिया। पल्लवी ने बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश की, जिस पर पुलिस ने उन्हें रोका। इसी दौरान पुलिस और विधायक के बीच नोकझोंक और धक्का-मुक्की हो गई।
इसके बाद पल्लवी पटेल सड़क पर ही धरने पर बैठ गईं। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन नहीं, बल्कि आम जनता के अधिकार और समानता से जुड़ा मुद्दा है। पल्लवी पटेल ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब UGC इक्विटी रेगुलेशन 2026 को सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश और संसदीय समिति की संस्तुति के बाद लाया गया, तो फिर समाज के एक वर्ग के विरोध पर सुप्रीम कोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेकर इस पर रोक क्यों लगाई।
उन्होंने कहा कि यह रेगुलेशन समानता को लागू करने वाला कानून है। यदि इसमें खामियां थीं तो सुधार किया जा सकता था। पल्लवी पटेल ने सवाल किया कि जीएसटी, नोटबंदी और धारा-370 जैसे बड़े फैसले रातों-रात लागू किए गए, तब क्या उनमें कोई खामी नहीं थी? सुधार की गुंजाइश हर कानून में रहती है, फिर इस रेगुलेशन पर बैन क्यों लगाया गया।
काफी देर तक पुलिस ने पल्लवी पटेल को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह वहां से हटने को तैयार नहीं हुईं। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेना शुरू कर दिया। कार्यकर्ताओं को वाहनों में बैठा दिया गया, लेकिन पल्लवी पटेल सड़क पर ही बैठी रहीं।
इस दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आईटी चौराहे सहित आसपास के क्षेत्रों में यातायात प्रभावित रहा। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। काफी देर की मशक्कत के बाद पुलिस ने पल्लवी पटेल समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेज दिया।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार पर उनकी मांगों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया। उन्होंने साफ कहा कि जब तक UGC इक्विटी रेगुलेशन लागू नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

