मोदी ने आदिवासियों को दी करोड़ की सौगात

नई दिल्ली,जनमुख न्यूज। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आदिवासी नायक बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर बिहार के जमुई से ६,६४० करोड़ रुपये की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। मोदी बिरसा मुंडा की १५०वीं जयंती पर आयोजित एक समारोह में भाग लेने के लिए जमुई आए हैं। बिरसा मुंडा एक महान स्वतंत्रता सेनानी थे, जिन्हें छोटानागपुर पठार के आदिवासी समुदाय के लोग प्रेमपूर्वक ‘‘भगवान” कहते हैं। मोदी ने राज्य की राजधानी से लगभग २०० किलोमीटर दूर जमुई जिले के एक सुदूर गांव में ‘‘जनजातीय गौरव दिवस” के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने मुंडा के सम्मान में एक स्मारक सिक्का और डाक टिकट का अनावरण भी किया। उन्होंने पीएम जनजातीय आदिवासी न्याय महा अभियान (पीएम-जनमन) के तहत आदिवासी परिवारों के लिए बनाए गए ११,००० घरों के ‘गृह प्रवेश’ में भी वर्चुअल माध्यम से भाग लिया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज बहुत ही पवित्र दिन है। आज कार्तिक पूर्णिमा है, देव दीपावली है और आज गुरु नानक देव जी का ५५५ वां प्रकाश पर्व भी है। मैं सभी देशवासियों को इन पर्वों की बधाई देता हूं। आज का दिन हर देशवासी के लिए एक और वजह से ऐतिहासिक है। आज भगवान बिरसा मुंडा की जन्म जयंती है। राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस है। मैं सभी देशवासियों को और खासतौर पर अपने आदिवासी भाई-बहनों को जनजातीय गौरव दिवस की बधाई देता हूं। उन्होंने कहा कि आज जब हम जनजातीय गौरव वर्ष की शुरुआत कर रहे हैं तब ये समझना भी बहुत जरूरी है कि इस आयोजन की आवश्यकता क्यों हुई ये इतिहास के एक बहुत बड़े अन्याय को दूर करने का एक ईमानदार प्रयास है।

