नगर आयुक्त ने जलकल कार्यालय के कार्यों को परखा, लापरवाही पर कार्रवाई की दी चेतावनी

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शनिवार को भेलूपुर स्थित जलकल कार्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पटल सहायकों के कार्यों की समीक्षा की और कार्यालय के सभी अभिलेखों को सुव्यवस्थित तरीके से रखने का निर्देश दिया । उन्होंने कार्यालय कक्ष के वातावरण को स्वच्छता के प्रति आदर्श बनाने पर जोर देते हुए कहा कि सफाई के मामले में किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए।इस क्रम में नगर आयुक्त ने जन शिकायतों के निस्तारण की स्थिति देखते हुए कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता और अवर अभियंता स्तर पर ऑनलाइन आईजीआरएस व अन्य शिकायतों के अनावश्यक लंबित होने पर नाराजगी जताई और हर हाल में शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर तत्काल और समयबद्ध तरीके से करने का निर्देश दिया । कहा कि निस्तारण की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होना चाहिए । किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कार्य में लापरवाही पाई गई तो संबंधित के विरुद्ध सख्त विभागीय कार्यवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जलकल के महाप्रबंधक अनूप सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

