ग्राम ऐढ़े में चिन्हित ३० बीघा नगर निगम की सरकारी सम्पत्ति का नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण

वाराणसी, जनमुख न्यूज।नगर आयुक्त श्री अक्षत वर्मा के द्वारा आज ग्राम ऐढ़े में चिन्हित किये जा रहे सरकारी सम्पत्तियों का निरीक्षण किया गया। विगत दिनों जानकारी प्राप्त हुई थी कि ऐढ़े में सरकारी सम्पत्तियों पर लोगों के द्वारा कब्जा किया जा रहा है, जिसके क्रम में नगर निगम, राजस्व विभाग के द्वारा सरकारी सम्पत्तियों का निरीक्षण कराया गया, जिसमें कुल ३० बीघा सरकारी सम्पत्ति पायी गयी, जिसमें से लगभग ४ बीघा सम्पत्ति की बैरेकेटिंग करायी जा चुकी है। नगर आयुक्त के द्वारा सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण किया गया, निरीक्षण में पाया गया कि सामान्य अभियन्त्रण विभाग के द्वारा गुाणवत्तापूर्ण बैरेकेटिंग नही करायी जा रही है। इस सम्बन्ध में नगर आयुक्त के द्वारा मुख्य अभियन्ता को निर्देशित किया गया कि मजबूत पीलर लगाया जाय, जिस पर पेन्ट कराया जाय। साथ ही बोर्ड लगाया जाय जिस पर नगर निगम वाराणसी का उल्लेख करते हुये सम्पूर्ण भूमि का विवरण क्षेत्रफल रकबा लिखा जाय। निरीक्षण के समय अपर नगर आयुक्त श्री दुष्यन्त कुमार मौर्य, सहायक नगर आयुक्त श्री अनिल यादव एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

