नगर निगम ने करोड़ों की अपनी जमीन को कराया कब्जा मुक्त

वाराणसी,जनमुख न्यूज़। नगर निगम द्वारा बड़ी कार्यवाही करते हुये चितईपुर मुख्य मार्ग स्थित 6 हजार वर्ग फीट पर कब्जा वाली भूमि को मुक्त कराया गया। यह भूखण्ड चितईपुर मुख्य मार्ग पर स्थित है, जिसकी लम्बाई 150 फीट तथा गहराई 45 फीट की है। उक्त भूमि पर लगभग 10 लोगों के द्वारा कब्जा किया गया था। बाजार दर के आधार पर इसका मूल्य 18 करोड़ की बताई जा रही है।
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा को जानकारी प्राप्त होने पर नगर निगम द्वारा इस भूमि का निरीक्षण कराया गया, निरीक्षण में भूमि पर कब्जा होने की बात सही पायी गयी। भारी विरोध की आशंका को देखते हुये नगर निगम द्वारा जिला प्रशासन से सहयोग प्राप्त करते हुये पी0ए0सी0 बुलाई गयी।
सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव के नेतृत्व में थाना चितईपुर, जिला प्रशासन, तहसील, नगर निगम तथा पी0ए0सी0 की उपस्थिति में उक्त भूमि को कब्जे से खाली कराते हुये अपने कब्जे में लिया गया, जिस पर नगर निगम द्वारा तत्काल बैरेकेटिंग कराते हुए नगर निगम का बोर्ड लगा दिया गया। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा द्वारा इस भूमि पर उपयुक्त प्रोजेक्ट तैयार करने हेतु मुख्य अभियंता को निर्देशित किया गया।

