भारत में वंदे भारत से भी तेज रफ्तार नई ट्रेनों को मिली मंजूरी

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। भारतीय रेलवे ने सेमी हाई-स्पीड रेल के क्षेत्र में एक और बड़ा कदम उठाते हुए 220 किमी प्रति घंटे की डिजाइन स्पीड वाली दो नई ट्रेनें बनाने की योजना को मंजूरी दे दी है। ये ट्रेनें मौजूदा वंदे भारत एक्सप्रेस से भी अधिक तेज होंगी, जिनकी डिजाइन स्पीड फिलहाल 180 किमी प्रति घंटा है।
रेलवे बोर्ड ने 23 मार्च 2026 को चेन्नई स्थित इंटीग्रल कोच फैक्ट्री को पत्र जारी कर 2027-28 के कोच प्रोडक्शन प्रोग्राम में इन नए ट्रेन सेट्स को शामिल करने की मंजूरी दी है। प्रत्येक ट्रेन में 16-16 कोच होंगे और ये ब्रॉड गेज ट्रैक पर संचालित होंगी।नई ट्रेनों में स्टील बॉडी वाले आधुनिक कोच लगाए जाएंगे। इनकी डिजाइन स्पीड 220 किमी प्रति घंटा जबकि अधिकतम परिचालन गति 200 किमी प्रति घंटा होगी, जिससे यात्रियों को पहले से तेज और अधिक आरामदायक सफर मिलेगा। इस परियोजना की शुरुआत अक्टूबर 2024 में हुई थी, जब ICF ने डिजाइन, निर्माण और कमीशनिंग के लिए बीईएमएल को 866.87 करोड़ रुपये का ठेका दिया था। इस लागत में डिजाइन, डेवलपमेंट और टेस्टिंग से जुड़े सभी पहलू शामिल हैं।
वर्तमान में देशभर में वंदे भारत ट्रेनों की 81 जोड़ी सेवाएं संचालित हो रही हैं। ऐसे में 220 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली नई ट्रेनें भारतीय रेलवे को सेमी हाई-स्पीड के अगले स्तर पर ले जाएंगी।रेलवे के इस कदम को आधुनिक, तेज और सुरक्षित रेल यात्रा की दिशा में बड़ा बदलाव माना जा रहा है, जिससे आने वाले समय में यात्रा का समय घटेगा और देश का रेल नेटवर्क और मजबूत होगा।

