गोरखपुर में निषाद पार्टी अधिवेशन: आरक्षण मुद्दे पर भावुक हुए डॉ. संजय निषाद, कहा- “मंत्री पद ले लो, समाज को हक दो”

गोरखपुर, जनमुख न्यूज़। दिग्विजयनाथ पार्क में रविवार को निषाद पार्टी का प्रांतीय अधिवेशन आयोजित हुआ, जहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी देखने को मिली। इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद आरक्षण के मुद्दे पर भावुक हो गए।
मंच से संबोधित करते हुए डॉ. निषाद ने कहा कि आरक्षण उनके समाज का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने भावुक होकर कहा, “मेरा मंत्री पद ले लो, लेकिन मेरे समाज को आरक्षण दो,” और यह कहते हुए उनकी आंखें नम हो गईं।उन्होंने सरकार से मांग की कि ओबीसी वर्ग से 9 प्रतिशत आरक्षण घटाकर मछुआरा समाज को अनुसूचित जाति में शामिल किया जाए, ताकि समाज की सामाजिक और आर्थिक स्थिति में सुधार हो सके।इससे पहले पादरी बाजार स्थित पार्टी कार्यालय से एक बाइक रैली निकाली गई, जिसमें हजारों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। डॉ. निषाद ने कहा कि निषाद समाज 2013 से अपने हक के लिए संघर्ष कर रहा है और अब अधिकार पाने का समय आ गया है।
उन्होंने अपनी चार प्रमुख मांगों में तालघाट की वापसी, आरक्षण का समाधान, शिक्षा का अधिकार और समाज के विकास को शामिल किया। साथ ही उन्होंने विपक्षी दलों पर आरोप लगाते हुए कहा कि वर्षों से उनके समाज के अधिकारों की अनदेखी की गई है।कार्यक्रम के दौरान निषाद समाज की एकजुटता और अधिकारों को लेकर मजबूत आवाज देखने को मिली।

