ओलंपियन ललित उपाध्याय ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी से लिया संन्यास

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। टोक्यो और पेरिस ओलंपिक में भारत को गौरव दिलाने वाले वाराणसी निवासी हॉकी खिलाड़ी ललित उपाध्याय ने रविवार रात अंतरराष्ट्रीय हॉकी से संन्यास लेने की घोषणा कर दी। अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित ललित ने यह जानकारी अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर साझा करते हुए सभी को चौंका दिया। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह घरेलू टूर्नामेंट और प्रो हॉकी लीग में पहले की तरह खेलना जारी रखेंगे।
फिलहाल ललित इन दिनों बेल्जियम में चल रही एफआईएच प्रो लीग में व्यस्त हैं। अपने यादगार करियर को याद करते हुए उन्होंने खासतौर पर अपने शुरुआती कोच परमानंद मिश्र का आभार जताया। उन्होंने बताया कि परमानंद सर ने ही उन्हें यूपी कॉलेज मैदान में हॉकी की पहली सीख दी थी और खेल की दुनिया में आगे बढ़ने का रास्ता दिखाया।
एक्स पोस्ट में ललित ने लिखा कि उनकी यात्रा एक छोटे से गांव से शुरू हुई, जहां संसाधन सीमित थे लेकिन सपने बेहद बड़े। उन्होंने कहा, “एक स्टिंग ऑपरेशन जैसी कठिन चुनौती से लेकर दो बार ओलंपिक पोडियम पर खड़े होने तक, यह सफर संघर्ष, विकास और गर्व से भरा रहा है।”
उन्होंने यह भी बताया कि 26 साल बाद उनके शहर से वाराणसी से ओलंपियन बनना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है जिसे वह हमेशा संजोकर रखेंगे। ललित ने अपने कोच परमानंद मिश्र के साथ-साथ हरिंदर, समीर और हॉकी लीजेंड धनराज पिल्लै का भी आभार व्यक्त किया। इसके अलावा मौजूदा टीम के स्टार खिलाड़ी हरमनप्रीत सिंह का नाम भी उन्होंने खासतौर पर उल्लेख किया। उल्लेखनीय है कि वाराणसी ने कई ओलंपियन हाॅकी खिलाड़ी दिए हैं।

