बसंत पंचमी पर गंगा घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने किया पुण्य स्नान

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। बसंत पंचमी के पावन अवसर पर शुक्रवार तड़के से ही गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। माघ मास में पड़ने वाले इस विशेष स्नान पर्व को लेकर भक्तों में गहरा उत्साह देखने को मिला। लाखों श्रद्धालुओं ने मां गंगा में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया और पापों से मुक्ति व सुख-समृद्धि की कामना की।
गंगा घाट के पुरोहित अजय कुमार तिवारी ने बताया कि बसंत पंचमी के दिन माताएं और बहनें विशेष रूप से मां सरस्वती की आराधना करती हैं। श्रद्धालु पीले वस्त्र धारण कर, पीले फूल, फल और मिष्ठान अर्पित करते हैं तथा गंगा स्नान के बाद दान-पुण्य कर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।
काशी की माताएं और बहनें गंगा स्नान के पश्चात ऋतु फल अर्पित करती हैं और भगवान को भोग लगाकर अपने दिन की शुभ शुरुआत करती हैं। पूरे शहर में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ बसंत पंचमी का पर्व मनाया गया, जिससे गंगा घाटों पर भक्तिमय वातावरण बना रहा।

