नए साल पर काशी के मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने किए बाबा के दर्शन

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। नए साल के मौके पर काशी के मंदिरों में भोर से भक्तों का सैलाब उमड़ा हुआ है। बाबा काशी विश्वनाथ, काल भैरव, बड़ा गणेश, बृहस्पति मंदिर और संकट मोचन मंदिर में आस्था का अद्भुत नज़ारा देखने को मिला। भक्ति में डूबे श्रद्धालुओं की दिन भर कतार लगी रही। काशी विश्वनाथ मंदिर में बृहस्पतिवार सुबह मंगला आरती के बाद आम भक्तों के लिए जैसे ही मंदिर के कपाट खुले, श्रद्धालुओं की भारी भीड़ दर्शन के लिए उमड़ पड़ी। कतारबद्ध होकर लाखों भक्तों ने बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए।

इस दौरान पूरा धाम परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजता रहा। गंगाद्वार सहित मंदिर के सभी प्रवेश द्वारों पर भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। सुरक्षा और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रशासन द्वारा तय प्रोटोकॉल लागू किया गया है, जिसके तहत विशेष दर्शन और स्पर्श दर्शन पर फिलहाल रोक लगाई गई है।

मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्र ने बताया कि बीते एक सप्ताह से श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि अब तक 20 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर चुके हैं। बृहस्पतिवार सुबह से ही दर्शन का क्रम निर्बाध रूप से जारी है।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास व्यापक बैरिकेडिंग की गई है, ताकि दर्शन सुचारू रूप से हो सकें और किसी को असुविधा न हो।





