केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय के भांजों के बीच चली गोली, एक की मौत

पटना, जनमुख न्यूज। बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय के भांजों के बीच आपस में भिड़त हो गयी। दो भाइयों ने आपस में एक-दूसरे पर गोलियां चलाईं। इस गोलीबारी की घटना में विश्वजीत यादव की मौत हो गई, जबकि जयजीत यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं नित्यानंद राय की बहन को भी गोली लगी है। घायलों को तुरंत इलाज के लिए भागलपुर के डॉक्टर एनके यादव के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जयजीत यादव की हालत गंभीर बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि जगतपुर निवासी जयजीत यादव और विश्वजीत यादव के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ने एक-दूसरे पर गोली चला दी। इस गोलीबारी में विश्वजीत यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जयजीत यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। इस झगड़े के दौरान दोनों को बचाने पहुंची उनकी मां को भी गोली लग गई, जिनका इलाज भागलपुर स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

