बीएचयू में सेमेस्टर परीक्षा 2025-26 के लिए ऑनलाइन फॉर्म शुरू, 17 मार्च अंतिम तिथि

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में सत्र 2025-26 की सेमेस्टर परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा पोर्टल खोल दिया है, जिसके माध्यम से परिसर और संबद्ध महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं 17 मार्च तक आवेदन कर सकेंगे।
विश्वविद्यालय के संस्थानों, संकायों, राजीव गांधी दक्षिणी परिसर और संबद्ध कॉलेजों के नियमित तथा पूर्व विद्यार्थी BHUonline.in पोर्टल के जरिए फॉर्म भर सकते हैं।
📌 कौन भर सकता है फॉर्म?
स्नातक के दूसरे और चौथे सेमेस्टर के वे पूर्व विद्यार्थी, जिन्होंने सत्र 2024-25 में नामांकन कराया था।
स्नातक के छठे, आठवें और दसवें सेमेस्टर के नियमित और पूर्व छात्र-छात्राएं।
परास्नातक के दूसरे सेमेस्टर के वे पूर्व विद्यार्थी, जिन्होंने सत्र 2025-26 में पहले नामांकन कराया हो।
परास्नातक के चौथे और छठे सेमेस्टर के सभी नियमित व पूर्व विद्यार्थी।
स्नातक व परास्नातक (कृषि विज्ञान) के सभी नियमित और पूर्व छात्र-छात्राएं।
डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्स के दूसरे, चौथे और छठे सेमेस्टर के विद्यार्थी।
🗂️ सत्यापन और जमा प्रक्रिया
परीक्षा फॉर्म भरने के बाद नियमित और पूर्व विद्यार्थियों के प्रिंटेड नामिनल रोल की जांच संकाय प्रमुख, विभागाध्यक्ष और प्राचार्य करेंगे। सत्यापित नामिनल रोल 25 मार्च तक परीक्षा नियंता कार्यालय में जमा करना अनिवार्य होगा।
💳 शुल्क और बैक परीक्षा से जुड़ी जानकारी
पूर्व (अनुत्तीर्ण) विद्यार्थियों को परीक्षा शुल्क ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से जमा करना होगा। साथ ही बैक परीक्षा फॉर्म और फीस रसीद की प्रिंट कॉपी परीक्षा नियंता कार्यालय में जमा करना अनिवार्य है। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही आवेदन मान्य होगा।
परीक्षा फॉर्म से संबंधित विस्तृत जानकारी परीक्षा नियंता कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।

