राष्ट्रगान के अपमान को लेकर नीतीश पर भड़का विपक्ष, प्रदर्शन

पटना, जनमुख न्यूज़। राष्ट्रगान के अपमान पर बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर विपक्ष आक्रोशित है। इस मुद्दे पर आज बिहार विधान मंडल में विपक्ष के नेताओं ने जमकर हंगामा किया। इतना ही नहीं राजद नेताओं ने सीएम नीतीश कुमार के इस्तीफ की मांग भी की।
विधान मंडल में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, पूर्व सीएम राबड़ी देवी के साथ हाथ में बैनर लिए खड़े दिखे। राबड़ी देवी ने सीएम नीतीश कुमार के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन का नेतृत्व किया। पत्रकारों से बातचीत करते हुए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार के लिए गुरुवार का दिन काल दिवस था। पीएम नरेंद्र मोदी के लाडले मुख्यमंत्री ने राष्ट्रगान का अपमान किया है। लाडले मुख्यमंत्री के बारे में पीएम मोदी ने कोई टिप्पणी नहीं की।
विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि चाचा जी आपको याद दिला दें कि आप एक बड़े प्रदेश के मुख्यमंत्री है। चंद सेकंड के लिए भी आप मानसिक और शारीरिक रूप से स्थिर नहीं है और आपका इस तरह अचेत अवस्था में इस पद पर बने रहना प्रदेश के लिए अति चिंताजनक बात है। बिहार को बार-बार यूं अपमानित मत कीजिए। भारत माता की जय करने वाले भारतीय जनता पार्टी के दोनों डिप्टी सीएम गायब हैं। कल हम सब का सिर झुक गया है। इंडिया की राजनीति में पहली ऐसी घटना है,जहां राष्ट्रगान का अपमान हुआ है।

