फूलपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक से टकराकर घायल बाइक सवार की इलाज के दौरान मौत

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नागापुर हाईवे पर हुए सड़क हादसे में घायल बाइक सवार की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान रामपुर निवासी सूरज चौबे (35) के रूप में हुई है। सात जनवरी की रात घने कोहरे के बीच सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराकर सूरज गंभीर रूप से घायल हो गए थे।जानकारी के अनुसार, सूरज चौबे सात जनवरी की रात बुलेट मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। नागापुर हाईवे पर एक ट्रक के दोनों टायर पंचर हो जाने के कारण चालक ने उसे सड़क किनारे खड़ा कर दिया था। घने कोहरे के चलते ट्रक दिखाई नहीं दिया और सूरज पीछे से उसमें जा भिड़े। हादसे में उनके सीने में गंभीर चोट आई और वह सड़क पर गिर पड़े।काफी देर तक घायल अवस्था में सड़क पर पड़े सूरज पर राहगीर गौरीश सिंह की नजर पड़ी। उन्होंने मानवता दिखाते हुए सूरज को अपने वाहन से सुरही स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें इंफिनिटी हॉस्पिटल रेफर कर दिया, जहां मंगलवार रात इलाज के दौरान सूरज की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि सूरज चौबे बेंगलुरु की एक निजी कंपनी में कार्यरत थे और वर्तमान में वर्क फ्रॉम होम कर रहे थे। वह दो भाइयों में बड़े थे। उनके परिवार में पत्नी और पांच वर्षीय बेटा आरव है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।मृतक के पिता शिवपूजन चौबे ने बताया कि हादसे के बाद सूरज को सांस लेने में काफी दिक्कत हो रही थी। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

