यूपी में पंचायत चुनाव तय समय पर, अप्रैल–जुलाई 2026 के बीच होंगे मतदान: ओमप्रकाश राजभर

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव को लेकर चल रही अटकलों पर पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने बड़ा बयान देकर विराम लगा दिया है। मंगलवार को वाराणसी दौरे पर पहुंचे राजभर ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार पंचायत चुनाव कराने के लिए पूरी तरह तैयार है और चुनाव निर्धारित समय पर ही कराए जाएंगे।
मंत्री ने साफ कहा कि पंचायत चुनाव 2027 के विधानसभा चुनाव के साथ नहीं होंगे, बल्कि उससे पहले संपन्न कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि चुनाव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और मतपत्र (बैलेट पेपर) छपकर सभी जिलों में पहुंच चुके हैं। जिला निर्वाचन अधिकारियों ने भी अपना होमवर्क शुरू कर दिया है।
ओमप्रकाश राजभर के मुताबिक पंचायत चुनाव ईवीएम से नहीं, बल्कि मतपत्रों के जरिए कराए जाएंगे। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 28 फरवरी 2026 को किया जाएगा। उन्होंने भावी उम्मीदवारों को सलाह दी कि अंतिम सूची जारी होने से पहले अपने समर्थकों के नाम मतदाता सूची में जरूर जुड़वा लें।
पंचायती राज मंत्री ने बताया कि प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव—ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) और जिला पंचायत सदस्य—के लिए तैयारियां हर जिले में चल रही हैं। सरकार समय पर चुनाव कराने को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
राजभर ने कहा कि पंचायत चुनाव की पूरी प्रक्रिया अप्रैल से जुलाई 2026 के बीच पूरी कर ली जाएगी। पहले चरण में ग्राम प्रधान, बीडीसी और जिला पंचायत सदस्यों के लिए मतदान होगा। इसके बाद ब्लॉक प्रमुख और जिला पंचायत अध्यक्ष के अप्रत्यक्ष चुनाव कराए जाएंगे। उन्होंने संकेत दिए कि चुनाव का नोटिफिकेशन जल्द ही जारी किया जाएगा।

