मिर्जापुर में डबल मर्डर से दहशत: सौतेले बेटे ने मां और भाई की हत्या की, शव ठिकाने लगाते पकड़ा गया

मिर्जापुर, जनमुख न्यूज़। जिले के मड़िहान थाना क्षेत्र के मड़िहान बाजार में मंगलवार तड़के एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक सौतेले बेटे ने अपनी मां और भाई की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी दोनों शवों को ट्रैक्टर-ट्राली में लादकर ठिकाने लगाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन राहगीरों की सतर्कता से उसका मंसूबा नाकाम हो गया।
मृतकों की पहचान स्थानीय बिल्डिंग मैटेरियल व्यवसायी आयुष गुप्ता (32 वर्ष) और उनकी मां उषा गुप्ता (62 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों की हत्या आयुष के सौतेले भाई राहुल गुप्ता ने की।
हत्या के बाद आरोपी ने दोनों शवों को ट्रैक्टर-ट्राली पर लादकर ले जाना शुरू किया। इसी दौरान मड़िहान तिराहे के पास ट्राली से आयुष का शव सड़क पर गिर गया। वापसी में जब आरोपी शव को चादर से ढकने की कोशिश कर रहा था, तभी बाजार से गुजर रहे दो राहगीरों की नजर उस पर पड़ गई। शोर मचने पर आरोपी घबराकर मौके से भाग निकला।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर-ट्राली व हत्या में प्रयुक्त हथियार के साथ आरोपी राहुल गुप्ता को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने अपनी सौतेली मां उषा गुप्ता के शव को पटेवर मड़िहान ब्रांच नहर में फेंक दिया था।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने नहर में सर्च ऑपरेशन चलाया। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पटेवर गांव से लगभग साढ़े तीन किलोमीटर दूर हसरा गांव के सामने नहर में उषा गुप्ता का शव बरामद किया गया।
इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। अपर पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसकी निशानदेही पर शव बरामद किए गए हैं।

