मुंबई में दहशत: रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर के बाहर फायरिंग, पुलिस जांच में जुटी

मुंबई, क्राइम न्यूज़। फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े एक बड़े नाम के घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना ने सनसनी फैला दी है। मशहूर फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास के बाहर शनिवार और रविवार की दरमियानी रात कथित तौर पर चार राउंड फायरिंग की आवाजें सुनी गईं, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस और फॉरेंसिक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित कर लिया। पुलिस ने इलाके को सील कर दिया है और आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में अब तक किसी के घायल होने की कोई जानकारी सामने नहीं आई है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फायरिंग से जुड़े सबूत जुटाए जा रहे हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं और घटना का मकसद क्या था। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।
इस बीच, घटना के बाद रोहित शेट्टी के घर के बाहर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस बल को सुरक्षा संभालते हुए देखा जा सकता है। फिलहाल पुलिस ने कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है और जांच पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी साझा किए जाने की बात कही जा रही है।

