वाराणसी एयरपोर्ट पर मेडिकल इमरजेंसी लैंडिंग, समय पर इलाज से यात्री की बची जान

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार को की गई मेडिकल इमरजेंसी लैंडिंग से एक यात्री की जान बच गई। बागडोगरा से नई दिल्ली जा रही अकासा एयर की फ्लाइट में उड़ान के दौरान एक यात्री को दिल का दौरा पड़ गया, जिसके बाद विमान को वाराणसी एयरपोर्ट पर आपात स्थिति में उतारा गया।अकासा एयर की फ्लाइट क्यूपी-1833 शनिवार को बागडोगरा एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। उड़ान के दौरान यात्री दिलप्रीत सिंह की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें सीने में तेज दर्द और सांस लेने में परेशानी होने लगी, जिससे विमान के अंदर अफरा-तफरी मच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए क्रू मेंबर्स ने तुरंत फर्स्ट एड दी और सीपीआर देना शुरू किया।यात्री की हालत में मामूली सुधार तो हुआ, लेकिन वह पूरी तरह सामान्य नहीं हो सका। इसके बाद पायलट ने तत्काल वाराणसी एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क कर मेडिकल इमरजेंसी के आधार पर विमान को डायवर्ट करने की अनुमति मांगी। अनुमति मिलते ही विमान को वाराणसी लाया गया और दोपहर 1:47 बजे सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
विमान के उतरते ही अलर्ट मोड पर तैनात सीआईएसएफ के जवान और एयरपोर्ट की मेडिकल टीम मौके पर पहुंच गई। यात्री को तुरंत एंबुलेंस से एयरपोर्ट के मेडिकल इमरजेंसी रूम ले जाया गया। वहां तैनात डॉक्टर सुजीत सिंह ने बताया कि दिलप्रीत सिंह को मैसिव हार्ट अटैक आया था और यदि कुछ मिनटों की भी देरी होती तो उनकी जान बचाना मुश्किल हो जाता।
उपचार के बाद यात्री की हालत में सुधार हुआ। डॉक्टरों ने आगे की यात्रा के लिए उन्हें फिट घोषित किया, लेकिन सदमे और कमजोरी के चलते दिलप्रीत सिंह ने दोबारा विमान में सवार होने से इनकार कर दिया। इसके बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने उनके परिजनों से संपर्क कर उन्हें उनके सुपुर्द कर दिया।

