पीएम मोदी ने काशी से दी चार वंदे भारत ट्रेनों की सौगात — बोले, ‘ये नई पीढ़ी के भारत का प्रतीक हैं’


वाराणसी, जनमुख न्यूज़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार की सुबह वाराणसी रेलवे स्टेशन से बनारस–खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर उन्होंने देश को चार नई वंदे भारत ट्रेनों की सौगात दी।
पीएम मोदी ने कहा कि
“वंदे भारत, नमो भारत और अमृत भारत जैसी ट्रेनें, भारतीय रेलवे की अगली पीढ़ी की नींव रख रही हैं। ये सिर्फ ट्रेनें नहीं, बल्कि भारतीय रेलवे को ट्रांसफॉर्म करने का अभियान हैं।”
उन्होंने कहा कि वंदे भारत ट्रेन पूरी तरह ‘भारतीयों की, भारतीयों द्वारा, भारतीयों के लिए’ बनाई गई है, और यह हर भारतीय के गर्व का प्रतीक है। प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया के सभी विकसित देशों में तेज़ आर्थिक प्रगति का बड़ा कारण मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर रहा है। भारत भी अब उसी दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि आज जिन चार नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई गई है, वे हैं —
1️⃣ काशी–खजुराहो वंदे भारत
2️⃣ फिरोजपुर–दिल्ली वंदे भारत
3️⃣ लखनऊ–सहारनपुर वंदे भारत
4️⃣ एर्नाकुलम–बेंगलुरु वंदे भारत
इसके साथ ही देश में अब 160 से अधिक वंदे भारत ट्रेनों का संचालन शुरू हो चुका है। पीएम मोदी ने कहा कि
“भारत में तीर्थ यात्राएं केवल श्रद्धा का मार्ग नहीं, बल्कि देश की आत्मा को जोड़ने की परंपरा हैं। जब प्रयागराज, अयोध्या, हरिद्वार और चित्रकूट जैसे पावन धाम वंदे भारत नेटवर्क से जुड़ते हैं, तो यह भारत की आस्था और विकास दोनों को जोड़ने का काम करता है।”
प्रधानमंत्री ने इसे ‘भारत की संस्कृति और विकास को जोड़ने वाला ऐतिहासिक कदम’ बताया और कहा कि ये ट्रेनें नए भारत की गति और शक्ति का प्रतीक हैं।

