दिल्ली के बूथ कार्यकर्ताओं से बोले पीएम मोदी, आपकी शक्ति दिलाएगी प्रचंड जीत

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज। दिल्ली के भाजपा बूथ कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से आज पीएम मोदी ने वर्चुअली संवाद किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली भारतीय जनता पार्टी के सभी साथियों को मेरा नमस्कार। दिल्ली के आप सभी बूथ कार्यकर्ताओं से बात करना मेरे लिए बहुत ही खुशी का अवसर है। क्योंकि सालों तक मुझे इस काम में बड़ा आनंद रहा है और स्वाभाविक है कि ऐसे कार्यक्रम का मैं हमेशा इंतजार करता रहता हूं।
पीएम मोदी ने कहा कि दिल्ली के बूथ स्तर के भाजपा कार्यकर्ता की क्या ताकत है, ये किसी से छुपा नहीं है। इस बार आपने दिल्ली के हजारों बूथ जीते, तब जाकर सातों सीटों पर भाजपा विजयी हुई है। मुझे पक्का विश्वास है कि दिल्ली में ये जो संगठन की ताकत है, हर बूथ पर तीन-तीन, चार-चार पीढ़ी के कार्यकर्ता हैं, यही शक्ति इस बार विधानसभा चुनाव में भी भाजपा को प्रचंड विजय दिलाएगी।
पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा की जीत पक्की करने के लिए दिल्ली की जनता भी पक्के निर्णय के साथ निकल पड़ी है। साथियों, आपको ५ फरवरी को दिल्ली के लोगों को ज्यादा से ज्यादा संख्या में पोलिंग बूथ तक पहुंचाना है। ठंड कितनी ही क्यों न हो, हमें सुबह से ही मतदान की तीव्रता को बढ़ाना है। हमें याद रखना है कि सबसे बड़ा लक्ष्य भाजपा सरकार बनाने का है। दिल्ली को आप-दा सरकार ने जिन मुसीबतों और संकटों में डाला हुआ है, हमें दिल्ली को उनसे मुक्त कराना है। जब ऐसा होगा, तभी दिल्ली को विकसित भारत की विकसित राजधानी बनाने का संकल्प सिद्ध हो पाएगा।

