पश्चिम एशिया संकट पर पीएम मोदी की CM के साथ बैठक, कहा- नहीं लगेगा लाॅकडाउन

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को देश के विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अहम बैठक की। सूत्रों के अनुसार पीएम ने साफ़ कहा कि लाॅकडाउन नहीं लगेगा और ऐसी कोई योजना नहीं है। बैठक में पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच भारत पर पड़ने वाले प्रभाव और राज्यों की तैयारियों की समीक्षा की गई।प्रधानमंत्री ने ‘टीम इंडिया’ की भावना के तहत केंद्र और राज्यों के बीच मजबूत समन्वय की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने भरोसा जताया कि मिलकर काम करने से देश इस चुनौतीपूर्ण स्थिति से सफलतापूर्वक निपट सकेगा।बैठक में सरकार की प्राथमिकताओं पर चर्चा करते हुए पीएम मोदी ने आर्थिक और व्यापारिक स्थिरता बनाए रखने, ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने, नागरिकों के हितों की रक्षा करने और आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने राज्यों से जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति सुचारू रखने और जमाखोरी व मुनाफाखोरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आग्रह किया।प्रधानमंत्री ने कृषि क्षेत्र में भी अग्रिम योजना बनाने की जरूरत बताई, खासकर उर्वरक भंडारण और वितरण पर नजर रखने को कहा। इसके अलावा सीमा और तटीय राज्यों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए, ताकि समुद्री गतिविधियों और आपूर्ति से जुड़ी चुनौतियों का समय रहते समाधान किया जा सके।पीएम मोदी ने अफवाहों और गलत सूचनाओं से सतर्क रहने की अपील करते हुए विश्वसनीय जानकारी के प्रसार पर बल दिया। बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हुए।आचार संहिता लागू होने के कारण चुनावी राज्यों के मुख्यमंत्री इस बैठक में शामिल नहीं हुए। उनके मुख्य सचिवों के साथ कैबिनेट सचिवालय अलग से बैठक करेगा। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य वैश्विक अनिश्चितता के बीच देश में स्थिरता बनाए रखना और सभी स्तरों पर तालमेल सुनिश्चित करना रहा।

