पश्चिम एशिया संकट पर पीएम मोदी की राज्यों संग बैठक, ऊर्जा सुरक्षा और आपूर्ति पर होगा मंथन

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार शाम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों के साथ अहम बैठक करेंगे। इस बैठक में पश्चिम एशिया में तेजी से बदलते हालात और उनके भारत पर पड़ने वाले प्रभावों की समीक्षा की जाएगी।बैठक में विशेष रूप से एलपीजी, तेल आपूर्ति और ऊर्जा सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। इसके साथ ही आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत बनाए रखने और विदेशों में रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा पर भी फोकस किया जाएगा।प्रधानमंत्री ‘टीम इंडिया’ की भावना के तहत केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दे सकते हैं, ताकि वैश्विक अनिश्चितता के बीच देश में स्थिरता बनी रहे।सूत्रों के मुताबिक, जिन राज्यों में फिलहाल चुनाव प्रक्रिया चल रही है, वे आचार संहिता के चलते इस बैठक में शामिल नहीं होंगे। उनकी जगह कैबिनेट सचिवालय के माध्यम से संबंधित राज्यों के मुख्य सचिवों के साथ अलग से चर्चा की जाएगी, जिससे योजनाओं और तैयारियों में कोई बाधा न आए।यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब पश्चिम एशिया में जारी तनाव का असर वैश्विक ऊर्जा बाजार पर पड़ रहा है और भारत सरकार संभावित चुनौतियों से निपटने के लिए पहले से ही रणनीति बनाने में जुटी है।

