रामनगर में पुलिस–बदमाश मुठभेड़: ऑपरेशन चक्रव्यूह में वांछित गो तस्कर घायल, गिरफ्तार

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। जिले के रामनगर इलाके में बुधवार रात पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। कमिश्नरेट पुलिस के ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत लंबे समय से वांछित शातिर गोतस्कर गुड्डू अंसारी उर्फ गुड्डू नट पुलिस के घेरे में आ गया। करीब दो किलोमीटर तक पीछा करने के बाद हुई मुठभेड़ में उसके दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
बताया जा रहा है कि बुधवार रात रामनगर पुलिस टीम क्षेत्र में सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गुड्डू अंसारी अपने एक साथी के साथ बाइक से गुजर रहा था। पुलिस ने जब उसे रोकने का प्रयास किया तो वह बंदरगाह मार्ग की ओर बाइक दौड़ाते हुए भाग निकला। पुलिस को पीछा करते देख बदमाशों ने चन्नी माता मंदिर के पास फायरिंग शुरू कर दी।
भागने के दौरान बदमाशों की बाइक फिसलकर गिर गई। बाइक सवार एक युवक झाड़ियों के सहारे फरार हो गया, जबकि दूसरा साथी बाइक में उलझ गया। इसी बीच गुड्डू अंसारी ने झाड़ियों की आड़ लेकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी।
हालात को देखते हुए पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गुड्डू अंसारी के पैर में गोली लग गई और वह मौके पर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
एसीपी कोतवाली विजय प्रताप ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश पर वाराणसी सहित कई जिलों में गोवध अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। बदमाश के पास से वही अवैध तमंचा बरामद किया गया है, जिससे उसने पुलिस पर फायरिंग की थी। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

