मुजफ्फरनगर में पुलिस-मुठभेड़: 50 हजार का इनामी अमजद ढेर, दो पुलिसकर्मी घायल

मुजफ्फरनगर, जनमुख न्यूज़। जिले के बुढ़ाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के पुलिस और दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश अमजद मारा गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। मुठभेड़ में दरोगा संदीप और सिपाही अशफाक घायल हुए हैं। एसपी देहात आदित्य बंसल की बुलेटप्रूफ जैकेट और उनकी गाड़ी पर भी गोली लगी है।
एसपी संजय कुमार वर्मा के अनुसार, तड़के करीब तीन बजे थाना बुढ़ाना, तितावी और शाहपुर की संयुक्त पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के रुकने के इशारे पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में शाहपुर थाना क्षेत्र के हरसोली गांव निवासी और 50 हजार रुपये का इनामी अमजद गोली लगने से घायल हो गया। उसे तत्काल बुढ़ाना सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।पुलिस के मुताबिक, अमजद अंतरराज्यीय स्तर का अपराधी था। उसके खिलाफ मेरठ, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, शामली, बागपत और गाजियाबाद समेत कई जिलों में हत्या, लूट, चोरी और गैंगस्टर एक्ट सहित करीब 40 मुकदमे दर्ज थे। वह बुढ़ाना कोतवाली में दर्ज दो लूट के मामलों में वांछित चल रहा था।मौके से पुलिस ने एक पिस्टल, एक कार्बाइन, कुछ जेवर और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। फरार बदमाश की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। घायल पुलिसकर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

