तमिलनाडु में सियासी भूचाल: पूर्व सीएम ओ. पन्नीरसेल्वम ने थामा डीएमके का हाथ

चेन्नई, जनमुख न्यूज़। तमिलनाडु की राजनीति में विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और एआईएडीएमके से निष्कासित नेता ओ. पन्नीरसेल्वम ने सत्तारूढ़ दल द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (डीएमके) की सदस्यता ग्रहण कर ली है।
पूर्व मुख्यमंत्री जे. जयललिता के लंबे समय तक करीबी और वफादार रहे ओ. पन्नीरसेल्वम का यह कदम राज्य की सियासत में अहम माना जा रहा है। उन्हें चेन्नई स्थित डीएमके मुख्यालय में मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने वरिष्ठ मंत्रियों की मौजूदगी में औपचारिक रूप से पार्टी में शामिल कराया।
सूत्रों के मुताबिक, आगामी विधानसभा चुनाव में ओ. पन्नीरसेल्वम को उनके गृह जिले थेनी के बोडी मेट्टू विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया जा सकता है। माना जा रहा है कि इस फैसले से तमिलनाडु की राजनीतिक समीकरणों पर व्यापक असर पड़ सकता है।

