हिमाचल: सिरमौर के हरिपुरधार में निजी बस खाई में गिरी, 12 की मौत, कई घायल

शिमला, जनमुख न्यूज़। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के हरिपुरधार क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कुपवी से शिमला जा रही एक निजी बस अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में अब तक 12 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
बताया जा रहा है कि बस में 30 से 35 यात्री सवार थे। हादसा इतना भीषण था कि बस के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग और प्रशासन की टीमें मिलकर घायलों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाने में जुटी हैं।
एसपी सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और अन्य बचाव दल मौके पर भेज दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। वे स्वयं घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं।
राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है। गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को उपचार के लिए संगड़ाह, ददाहू और नाहन के अस्पतालों में रेफर किया गया है। वहीं कुछ घायलों को राजगढ़ और ददाहू ले जाया गया है। मेडिकल कॉलेज नाहन में घायलों के इलाज के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। उधर, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और प्रशासन को घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है।

