कोलकाता में मुख्य चुनाव आयुक्त का विरोध, कालीघाट मंदिर दौरे के दौरान दिखाए गए काले झंडे

कोलकाता, जनमुख न्यूज़। सोमवार को ज्ञानेश कुमार को विरोध प्रदर्शन का सामना करना पड़ा। कालीघाट मंदिर के दौरे के दौरान कुछ लोगों ने उनके खिलाफ ‘वापस जाओ’ के नारे लगाए और काले झंडे दिखाए। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस ने स्थिति को तुरंत नियंत्रण में कर लिया, जिसके बाद मुख्य चुनाव आयुक्त ने मंदिर में दर्शन किए।
इससे पहले रविवार रात शहर पहुंचने पर भी उनका विरोध हुआ था। एयरपोर्ट से बाहर निकलते समय तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने उनके काफिले के खिलाफ नारेबाजी की। वहीं कैखाली इलाके में भी उनके काफिले को काले झंडे दिखाए गए। एयरपोर्ट के बाहर वामपंथी दलों के कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन किया, जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक स्थिति को सख्ती से संभाला गया और किसी भी तरह के बड़े टकराव को टाल दिया गया। आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को देखते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त की तीन दिवसीय यात्रा के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।अपने दौरे के दौरान ज्ञानेश कुमार, चुनाव आयुक्त एस.एस. संधू और विवेक जोशी के साथ राज्य में चुनाव तैयारियों की समीक्षा करेंगे। सोमवार को आयोग की टीम राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों और सुझावों पर चर्चा करेगी।
इसके अलावा प्रवर्तन एजेंसियों के नोडल अधिकारियों तथा वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ भी बैठक होगी, जिसमें कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और एजेंसियों के बीच समन्वय की समीक्षा की जाएगी।दौरे के अंतिम दिन मंगलवार को चुनाव आयोग की टीम मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के अधिकारियों के साथ बैठक करेगी। साथ ही बूथ स्तर के अधिकारियों से भी बातचीत की जाएगी। दौरे के अंत में आयोग के सदस्य प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मीडिया को जानकारी देंगे।

