नावों पर रेडियम वाले क्यूआर कोड लगाए जाएंगे, निगम ने 1200 लोगों को दिया लाइसेंस

वाराणसी,जनमुख न्यूज। देव दीपावली पर गंगा में नावों की निगरानी में आने वाली दिक्कतों को देखते हुए रेडियमयुक्त क्यूआर कोड लगाने की तैयारी की गई है। पहले चरण में नगर निगम की ओर से जारी १२०० लाइसेंसी नावों में ये क्यूआर कोड लगाए जाएंगे। इसके बाद बाकी बची नावों में क्यूआर कोड लगाया जाएगा।देव दीपावली पर घाटों से नावों की निगरानी के लिए जल पुलिस और नगर निगम के अधिकारियों की टीम लगाई गई थी। इन नावों पर कोई निशान नहीं था।?इस कारण यह नहीं पता चल पा रहा था कि यह नाव किसकी है। किस घाट के लिए लाइसेंस जारी किया गया है। इस बार नगर निगम वाराणसी के अलावा आसपास के जिलों से भी नावें मंगाई गई थीं। इसके अलावा कई अवैध नावों का भी खूब संचालन हुआ।इसे देखते हुए नगर निगम ने जांच पड़ताल के लिए कार्ययोजना बनाई है। नगर निगम के लाइसेंस विभाग के सहायक नगर आयुक्त मनोज कुमार तिवारी ने कहा कि आने वाले दिनों में सभी नावों पर रेडियमयुक्त क्यूआर कोड लगाए जाएंगे। जो दूर से ही चमकेंगे। गंगा में चलने के दौरान इनकी निगरानी आसानी से हो जाएगी।

