हिंद महासागर में ईरानी युद्धपोत डूबने पर राहुल गांधी का पीएम मोदी पर हमला, बोले– रणनीतिक स्वायत्तता से समझौता

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने हिंद महासागर में एक ईरानी युद्धपोत के डूबने की घटना को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री की चुप्पी को लेकर केंद्र सरकार की विदेश नीति पर भी निशाना साधा।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि पश्चिम एशिया का बढ़ता संघर्ष अब भारत के दरवाजे तक पहुंच चुका है। उनका कहना था कि ऐसे संवेदनशील समय में देश को मजबूत और स्पष्ट नेतृत्व की जरूरत है, लेकिन प्रधानमंत्री की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि हिंद महासागर में एक ईरानी युद्धपोत के डूबने की खबर सामने आई है, लेकिन इस गंभीर घटना पर प्रधानमंत्री की ओर से कोई बयान नहीं आया। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार ने भारत की रणनीतिक स्वायत्तता से समझौता कर लिया है।
बताया जा रहा है कि ईरान का यह युद्धपोत आईरिस देना विशाखापत्तनम में आयोजित इंटरनेशनल फ्लीट रिव्यू 2026 और मिलान 2026 नौसैनिक अभ्यास में भाग लेने के बाद अपने देश लौट रहा था। इन कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए भारत ने ही इस जहाज को आमंत्रित किया था।
राहुल गांधी ने खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव का असर भारत की ऊर्जा सुरक्षा पर पड़ने की आशंका भी जताई। उन्होंने कहा कि भारत के तेल आयात का 40 प्रतिशत से अधिक हिस्सा होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते आता है। ऐसे में क्षेत्र में बढ़ते संघर्ष से देश की तेल, एलपीजी और एलएनजी आपूर्ति पर खतरा मंडरा सकता है।
राहुल गांधी के इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में इस मुद्दे पर नई बहस शुरू हो गई है।

