राहुल गांधी ने पूर्व राज परिवारों पर साधा निशाना

नई दिल्ली,जनमुख न्यूज। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अक्सर तमाम तरह के विमर्श गढ़ते रहते हैं। इसी कड़ी में उन्होंने अब देश के पूर्व राज परिवारों पर निशाना साधा है। परिवारवादी राजनीति के चलते राजनीति में अपना मुकाम बनाने वाले राहुल गांधी ने उन राज परिवारों पर निशाना साधा है जिन्होंने आजादी की लड़ाई और भारत की एकता के लिए बड़ा योगदान दिया। हम आपको बता दें कि राहुल गांधी ने हाल ही में एक अंग्रेजी समाचार पत्र में एक लेख लिखा जिस पर कई तरह के विवाद खड़े हुए हैं। राहुल गांधी ने बुधवार को प्रकाशित लेख में लिखा था कि अपनी व्यापारिक शक्ति से नहीं बल्कि ईस्ट इंडिया कंपनी ने भारत की आवाज अपने शिंकजे से कुचली थी। उन्होंने लिखा था कि कंपनी ने राजा और महाराजाओं को डराया-धमकाया और उन्हें रिश्वत देकर भारत पर कब्जा किया। राहुल गांधी ने लिखा कि मूल ईस्ट इंडिया कंपनी १५० साल पहले खत्म हो गई थी, लेकिन तब जो कच्चा डर पैदा हुआ था, वह वापस आ गया है। उन्होंने लिखा था कि एकाधिकारवादियों की एक नई नस्ल ने इसकी जगह ले ली है, उन्होंने अपार धन इकट्ठा किया है और हमारी संस्थाएं अब हमारे लोगों की नहीं हैं वे एकाधिकारवादियों के इशारे पर चलती हैं।राहुल गांधी के इस लेख पर भाजपा ने पलटवार करते हुए इसे ‘हास्यास्पद’ करार दिया है और कहा है कि खुद को ‘राजनीतिक रॉयल्टी’ मानने वाले व्यक्ति से ‘भारत के वास्तविक और सम्मानजनक समझ’ की उम्मीद नहीं की जा सकती। भाजपा की वरिष्ठ नेता स्मृति ईरानी ने लेख में राहुल गांधी के विचारों पर कटाक्ष करते हुए कहा, ‘यह हास्यास्पद है। उन्होंने कहा जिसने राजनीति को ही सिंगल फैमिली प्राइवेट लिमिटेड कंपनी बना दिया है, वह आज ईस्ट इंडिया कंपनी की बात कर रहा है।’ उन्होंने कहा कि अगर ईस्ट इंडिया कंपनी भारतीयों को चुप करा देती तो भारत आज भी ब्रिटिश शासन के अधीन होता।

