राहुल गांधी की बढ़ सकती हैं मुश्किलें!

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। झारखंड के साथ महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए तेज होते प्रचार के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। राहुल गांधी के बयानों को लेकर भाजपा ने चुनाव आयोग से शिकायत की है और उन पर झूठ बोलने का आरोप लगाया है।
भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में शामिल केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि हमने चुनाव आयोग को बताया है कि राहुल गांधी महाराष्ट्र चुनाव में झूठ बोल रहे हैं। उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। छह नवंबर को भी उन्होंने झूठ बोला है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने राज्यों को एक-दूसरे के खिलाफ खड़ा करने का प्रयास किया। उन्होंने संविधान की धज्जियां उड़ाईं और झूठ बोला कि भाजपा संविधान को नष्ट करने वाली है। यह झूठ है। हमने आयोग से कहा है कि इसे रोका जाना चाहिए। हमने आयोग को यह भी बताया कि राहुल गांधी ऐसा करने के आदी हैं और चेतावनी और नोटिस के बाद भी वे ऐसा करने से बाज नहीं आ रहे हैं। मेघवाल ने कहा कि हमने राहुल गांधी के खिलाफ बीएनएस की धारा 353 के तहत एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी ने छह नवंबर को नागपुर में कहा था कि जब राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ (आरएसएस) और भाजपा के लोग संविधान पर हमला करते हैं, तो वे सिर्फ इस किताब पर हमला नहीं कर रहे होते, वे भारत की आवाज पर हमला कर रहे होते हैं।

